फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एटीएम हैकिंग का मास्टर माइंड आज होगा कोर्ट में पेश

Tue, 15 Sep 2015 09:54 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
एटीएम हैक कर नगदी उड़ाने वाले गिरोह का सरगना अमित उर्फ जमीर को लेकर पुलिस टीम सिलीगुड़ी से रुड़की पहुंच गई। मास्टर माइंड को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके साथ ही अमित उर्फ जमीर और उसके भांजे जावेद शेख को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए अर्जी भी कोर्ट में दाखिल की जाएगी।
विज्ञापन


शहर में 30 अगस्त को एसबीआई के पांच एटीएम हैक कर करीब एक करोड़ की नगदी निकालने का मामला सामने आया था। दो आरोपी दिलशाद गार्डन दिल्ली निवासी शाहनवाज और बांदा का रहने वाला शफीक रंगेहाथ पकड़े गए थे। जबकि देश के अलग अलग राज्यों में एटीएम हैकिंग का गिरोह चलाने वाला मास्टर माइंड अमित उर्फ जमीर फरार हो गया था।

10 दिन तक कई राज्यों की खाक छानने के बाद पहले मास्टर माइंड अमित का भांजा जावेद शेख एसटीएफ व पुलिस टीमों के हाथ लगा।

उसके बाद अमित उर्फ जमीर को सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल से दबोचा गया। पुलिस टीम के सिलीगुड़ी पहुंचने से पहले बंगाल पुलिस ने जमीर को गिरफ्तार कर लिया था। इस बीच जावेद शेख को लेकर एक टीम शनिवार को रुड़की पहुंच गई। वहीं ट्रांजिक्ट रिमांड को लेकर कई दिन की जद्दोजहद के बाद सरगना अमित उर्फ जमीर को सोमवार रात रुड़की लाया गया। आला अधिकारियों ने अमित से कई घंटे पूछताछ की। मंगलवार सुबह अमित को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन

तकनीकी टीम समझेगी हैकिंग की भाषा

पुलिस ने अमित उर्फ जमीर और जावेद शेख को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की पहले से तैयारी की है। चूंकि मामला एटीएम हैकिंग के साथ-साथ इंटरनेट से जुड़ा है, लिहाजा हैकिंग का ताना बाना समझने का पूरा दारोमदार पुलिस की तकनीकी टीम पर रहेगी। पूछताछ के दौरान एसओजी को भी साथ रखा जाएगा।

पता चलेगा विदेशी कनेक्शन का राज
सरगना अमित उर्फ जमीर के पकड़े जाने के बाद गिरोह के विदेश कनेक्शन का पता चलने की भी उम्मीद है। हैकिंग की पूरी तकनीक विदेशी है, ये बात पहले ही साफ हो चुकी है। गिरोह के तार रूस और यूक्रेन के हैकरों से जुड़े बताए जा चुके हैं। मगर हैकिंग में एटीएम से निकाला गया रुपया किस देश में किस तरकीब से भेजा जाता था, ये पूरी प्रक्रिया पुलिस को मास्टर माइंड ही बता सकता है। अभी तक की पड़ताल में सामने आया है कि विदेशी हैकरों को 60 फीसदी हिस्सा हवाला के जरिये भारत से बाहर भेजा जाता था। वहीं डिजिटल करेंसी के इस्तेमाल की बात भी सामने आ रही है।

सरगना से हरिद्वार में भी हुई पूछताछ
पुलिस के मुताबिक अमित उर्फ जमीर को सोमवार रात रुड़की लाया गया। सूत्र बताते हैं कि जमीर इससे पहले ही उत्तराखंड लाया जा चुका था और उसे हरिद्वार ले जाकर आला अधिकारियों ने भी पूछताछ की।

हैकिंग सरगना अमित उर्फ जमीर को लेकर पुलिस टीम सोमवार रात रुड़की पहुंची है, उसे मंगलवार की सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा। अमित उर्फ जमीर और जावेद शेख को पुलिस  रिमांड की अर्जी भी मंगलवार को कोर्ट में दाखिल की जाएगी।
-प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी देहात
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें