एक युवक को एक बुजुर्ग की जरा सी बात इतनी बुरी लग गई की उसने बुजुर्ग की डंडो से पीट पीटकर हत्या कर दी।
बता दें कि थाना क्षेत्र के एक गांव में गाड़ी के सामने शराब पीकर खड़े होने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें एक ग्रामीण घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे देहरादून रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हकीमपुर तुर्रा गांव में एक व्यक्ति होली के दिन अपने रिश्तेदार लाक्खा से मिलने आया था। इसी दौरान एक युवक शराब पीकर रिश्तेदार की गाड़ी के सामने खड़ा हो गया। कहने के बावजूद वह नहीं हटा। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में पहले मारपीट हुई उसके बाद लाठी-डंडे चले। इसी बीच 60 वर्षीय समय सिंह के सिर पर लाठी लग गई।
आनन फानन में घायल समय सिंह को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। मारपीट में कई अन्य लोग भी घायल हो गए। सोमवार रात घायल समय सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने समय सिंह के पुत्र धीर सिंह की तहरीर पर लाक्खा और अजय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी मोहन सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।