ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
चोरों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल के बेटे के घर से ज्वेलरी और विदेशी मुद्रा चुरा ली। सोमवार दोपहर वह घर पर ताला लगाकर निकले थे। करीब 45 मिनट बाद जब वह लौटे तो चोर घर को खंगालकर माल पर हाथ साफ कर चुके थे। तहरीर के आधार पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेहरू कॉलोनी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल के पुत्र पंकज रेसकोर्स स्थित कॉलोनी में परिवार के साथ रहते है। उनकी पत्नी भी सिडकुल में नौकरी करती है। सोमवार दोपहर करीब पौने चार बजे वह घर पर ताला लगाकर कुछ काम के लिए निकले। इस दौरान उनका साढ़े चार साल का बेटा घर में ही था। करीब साढ़े चार बजे जब वह लौटे तो कमरे का ताला टूटा मिला।
दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने पूरे घर को खंगाल रखा था। वह चार अंगूठी, कान के झुमके, गले का हार समेत कुछ अन्य ज्वेलरी और घर में रखे कुछ यूरो ले गए। इस पर पंकज ने तुरंत नेहरू कॉलोनी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसपी सिटी प्रदीप राय और थानाध्यक्ष राजेश शाह तुरंत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई।
एसपी सिटी प्रदीप राय ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, इसके आधार पर सुराग तलाश किए जा रहे हैं। साथ ही आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष राजेश शाह ने कहा कि कम समय में जिस तरह घटना को अंजाम दिया गया, उससे जाहिर होता है कि चोर को पंकज के निकलने की जानकारी थी। इन सब तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।