छात्रों ने लिया सड़क सुरक्षा जीवन सुरक्षा का संकल्प
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। शहर के कई स्कूलों में मंगलवार को बच्चों ने सड़क सुरक्षा जीवन सुरक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा, जीवन सुरक्षा विषय पर पेंटिंग और स्लोगन बनाए। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुलिस आगामी आठ फरवरी को आरआईएमसी में पुरस्कृत करेगी।
मंगलवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह का दूसरा दिन रहा। इस दौरान यातायात पुलिस ने बलूनी क्लासेज, सेंट ज्यूड्स, राजा राम मोहन राय एकेडमी आदि स्कूलों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। पुलिस अधिकारियों ने यातायात सुरक्षा को लेकर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी कराईं। अधिकारियों ने भी बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने का पाठ पढ़ाया। बच्चों ने यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में कई पेंटिंग और स्लोगन तैयार किए।
सीओ यातायात राकेश देवली ने बताया कि छात्रों को यातायात नियमों का पालन न करने पर होने वाले खतरों को समझाया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह आठ फरवरी को आरआईएमसी में आयोजित होगा। मंगलवार को हुए कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक राजीव कुमार और सीपीयू इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार उपस्थित रहे।