आंधी से कहीं पेड़ गिरे, कहीं विद्युत पोल हुए धराशाई
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
तेज आंधी और बारिश से शुक्रवार को शहर में कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई जगह यातायात भी बाधित हुआ। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य चालू कर लोगों को राहत दिलाई। आंधी से डालनवाला क्षेत्र में एक मोबाइल टावर भी धराशाई हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
शुक्रवार शाम को आंधी और बारिश के बाद पुलिस कंट्रोल रूम की घंटियां बजनी शुरू हो गई। आंधी से पटेलनगर, डालनवाला, रायपुर, कैंट और राजपुर क्षेत्र में कई जगह पेड़ टूट गए। कई बिजली पोल भी घरों पर गिरने की सूचनाएं हैं। हालांकि आंधी शुरू होते ही बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी। जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। सड़कों पर पेड़ टूटकर गिरने से यातायात भी बाधित हुआ। सूचनाओं पर पहुंचे पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने पेड़ों को काटकर यातायात सुचारु किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डालनवाला क्षेत्र में द्वारका स्टोर, आरटीओ और नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में रिस्पना पुल के पास पेड़ गिरे। कोतवाली क्षेत्र में बुद्धा चौक, पटेलनगर में एसजीआरआर कॉलेज, रायपुर में एमडीडीए कॉलोनी के पास घर पर विद्युत पोल गिरने की सूचना है। कैंट एरिया में मुख्यमंत्री आवास व सब एरिया कैंटीन के पास पेड़ गिर गया। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई जगह पेड़ और कई पोल गिरने की सूचना।