ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
शास्त्रीनगर में स्कूटी की टक्कर से एक महिला को घायल कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने एक युवक को मारपीट कर नाली में धक्का दे दिया। आरोप है कि पुलिस को बुलाने के लिए कई बार 100 नंबर पर काल की गई, मगर फोन रिसीव नहीं हुआ।
शास्त्रीनगर निवासी शांति कुडियाल मंगलवार शाम को सड़क पार कर रही थी। इसी बीच स्कूटी की टक्कर से महिला घायल हो गई। शोर मचा तो लोगों ने स्कूटी सवार तीनों युवकों को रोक लिया। हंगामा हुआ तो इन युवकों के समर्थन में भी लोग गए। नोंकझाेंक से मामला गरमा गया। एक युवक से मारपीट कर नाली में धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायल के साथियाें ने पुलिस बुलाने को 100 नंबर पर कॉल की, आरोप है कि फोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में नेहरू कालोनी थाने पर कॉल की गई तो पुलिस आ गई, तब तक स्कूटी सवार वहां से निकल गए। पुलिस स्कूटी नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।