एक अक्तूबर को होगी क्रास कंट्री दौड़
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। एडीएम वीर सिंह बुदियाल ने गांधी जयंती पर दो अक्तूबर को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के मद्देनजर बुधवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। जिसमें एक अक्तूबर को सुबह 7:30 बजे से परेड ग्राउंड से होने वाली क्रास कंट्री दौड़ के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया। निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्यालयों में प्रार्थना सभा का आयोजन होगा। तय हुआ है कि गांधी पार्क में प्रार्थना सभा, सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण होगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक देहात सरिता डोभाल, डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस सीएस बोथ्याल, जिला विकास अधिकारी प्रदीप पांडेय सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।