डीआरएम के जाते ही व्यवस्था चरमराई
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दून स्टेशन पर व्याप्त अव्यवस्थाओं से यात्रियों को निजात नहीं मिल पा रही हैं। खास बात ये है एक दिन पहले ही पहुंचे डीआरएम ने तमाम अव्यवस्थाएं देख अफसरों के पेंच कसे थे, उनके जाते ही फिर से हालात वैसे ही हो गए हैं। उनके आदेश पर शुरू हुई एस्केलेटर मशीन एक दिन बाद ही बुधवार को फिर ठप हो गई। इसी तरह प्लेटफार्म पर ट्र्रेनों के आवागमन की सूचना देने के लिए लगाया गया डिस्प्लेबोर्ड भी खराब पड़ा रहा।
बुधवार एडिशनल मेंबर स्टाफ रेलवे बोर्ड मनोज पांडेय दून स्टेशन पहुंचे। स्टेशन का जायजा लेने के बजाय वे मसूरी चले गए। बताया गया है कि रेलवे प्रबंधन की ओर से संचालित ओकग्रो स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होने गए हैं। वहां उन्हें इंटर स्कूल क्विज कंपीटीशन कार्यक्रम में शिरकत करनी थी। इसके अलावा डीआरएम के निर्देश पर डिविजनल मैटीरियल मैनेजर भी बुधवार को दून पहुंचे। उन्होंने हर्रावाला स्टेशन का भी दौरा किया। उन्होंने रेलवे स्क्रैप का निरीक्षण किया। बताया कि जल्द ही प्रबंधन से स्क्रैप सूची को अप्रूवल मिलने के बाद निलामी प्रक्रिया शुरू होगी।
अफसरों की इस आवाजाही के बीच एस्केलेटर न चलने के कारण यात्री खासे परेशान रहे। इसकी शिकायत स्टेशन अधीक्षक सीताराम सोनकर से की गई। इसके बाद कुछ देर के लिए एस्केलेटर चला फिर ठप हो गया। बताया जा रहा है कि मशीन में फिर से खराबी आ गई है। स्टेशन पर पूछताछ काउंटर के पास डिस्प्ले बोर्ड भी बंद पड़ा रहा। इस बारे में जब सीनियर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उनका फोन नहीं उठा।
अश्लील वीडियो बनाने के मामले में बयान दर्ज
देहरादून। करीब एक महीने पहले दून स्टेशन के वेटिंग रूम में युवती का अश्लील वीडियो बनाने के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद हरिद्वार जीआरपी ने छानबीन शुरू कर दी है। जांच अधिकारी थाना जीआरपी प्रभारी राजेंद्र सिंह ने स्टेशन अधीक्षक देहरादून सीताराम सोनकर का भी बयान दर्ज किया। बताया गया है कि करीब एक माह पहले हरिद्वार की एक युवती अपने पिता के साथ दून स्टेशन के वेटिंग रूम में बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इस बीच वह कपड़े बदलने के लिए वह वाशरूम में गई थी। उसी दौरान एक युवक बगल के शौचालय में घुसकर चुपके से युवती का वीडियो बनाने लगा। तभी उसकी इस हरकत पर युवती की नजर पड़ गई। शोर मचाने पर युवक भाग निकला। जब तक जीआरपी के जवान आ पाते तब तक युवक चंपत हो चुका था। तभी मामले में तहरीर दी गई थी। इस मामले में अब जांच शुरू हुई है। जिसके तहत बुधवार को दून स्टेशन पर भी बयान दर्ज किए गए।