ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। बिजनौर से दून पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को एक कार का नंबर उपलब्ध कराया है। फिलहाल अज्ञात वाहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बृजेंद्र (24) पुत्र चेतराम निवासी शमसाबाद, धामपुर, बिजनौर यहां एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह सहस्रधारा रोड स्थित एक मकान में किराए पर रह रहा था। रविवार रात करीब 11 बजे वह खाना लेने निकला। चूना भट्टा पहुंचकर उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और सामने ढाबे से खाना लेने के लिए रोड क्रॉस करने लगा। इसी बीच उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। आनन-फानन में कुछ लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ डालनवाला जया बलोनी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। परिजनों की तहरीर पर रायपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। सोमवार शाम परिजन फिर कुछ स्थानीय लोगों के साथ थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति लगातार बृजेंद्र को जान से मारने की धमकी दे रहा था। लिहाजा उसी ने बृजेंद्र की हत्या की है। शक पर परिजनों ने एक गाड़ी का नंबर उपलब्ध कराया। पुलिस ने गाड़ी के इस नंबर को अपनी जांच में शामिल कर लिया है। साथ ही आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।