ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सोना चमकाने के बहाने एक युवक अधिवक्ता से सोने के जेवर ठग कर चंपत हो गया। पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मामला डालनवाला थाना क्षेत्र के साकेत कॉलोनी का है। नालापानी चौकी प्रभारी रफत अली के अनुसार साकेत कॉलोनी निवासी अधिवक्ता अभिषेक पुंडीर के घर पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक युवक पहुंचा था। युवक ने खुद को एक कंपनी का कर्मचारी बताया और धातु की चीजें धोकर चमकाने की बात कही। अभिषेक ने पहले पीतल के कुछ बर्तन युवक को चमकाने के लिए दिए। इसके बाद युवक ने सोने-चांदी के जेवरों को चमकाने का दावा किया। युवक के झांसे में आकर अभिषेक ने एक पायल व एक सोने की चेन दे दी। दोनों जेवर चमकाने के बाद अभिषेक ने सोने की एक चेन व दो अंगूठियां और दे दीं। युवक ने जेवर चमकाने के दौरान डिब्बा बदल दिया और मेहनताना लेकर चला गया। कुछ देर बाद डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें कुछ पीतल के जेवर रखे हुए थे। आनन-फानन उन्होंने घर से बाहर आकर देखा युवक की तलाश की, लेकिन युवक नहीं मिला। अभिषेक की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।