अब ‘तीसरी आंख’ की नजर में होगा स्टेशन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। अब दून रेलवे स्टेशन सीसीटीवी कैमरों की नजर में रहेगा। इसके लिए कंट्रोल रूम में पड़े स्क्रैप को नीलाम कर स्टेशन को मॉडर्नलुक दिया जाएगा। नीलामी के लिए समिति बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरा काम एक हफ्ते में पूरा कर लिया जाएगा। यह निर्देश मंगलवार को दून दौरे पर आए डीआरएम एके सिंघल ने दिए हैं। मंगलवार को यहां सेफ्टी सेमिनार में हिस्सा लेने के बाद परिसर का निरीक्षण कर रहे थे।
सेफ्टी सेमिनार के दौरान उन्होंने बारी बारी से करीब दर्जन भर कर्मचारियों से संरक्षा जागरूकता (सेफ्टी अवेयरनेस) का परीक्षण भी किया। इसके तहत सात कर्मियों को सेफ्टी के प्रति जानकारी से प्रभावित होकर उन्होंने एक-एक हजार का पुरस्कार भी दिया। सेमिनार के बाद डीआरएम ने कर्मचारियों ने उनकी समस्याओं, सुविधाओं और रेल व्यवस्था के बारे में रायशुमारी की। इस दौरान जर्जर आवास, सफाई व्यवस्था, वायरलेस, रेल फाटकों पर यात्रियों की अराजकता और कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया गया। इस पर डीआरएम ने मौके पर मौजूद अफसरों को जल्द समाधान का निर्देश दिया।
इसी दौरान पता चला कि आउटसोर्सिंग पर तैनात कर्मी समय से ड्यूटी नहीं कर रहे हैं। इस पर डीआरएम ने अफसरों के पेंच भी कसे। इसके बाद कई दिनों से खराब पड़ा एस्केलेटर भी सुचारु हो गया।
जो जिस काम में सक्षम हो उससे वही कराएं
सेफ्टी सेमिनार के दौरान कुछ महिलाएं ऐसी भी थीं जिन्हें रेल विभाग से जुड़ी बुनियादी जानकारी भी नहीं थी। डीआरएम से रूबरू होने के बाद वे अपनी तैनाती का साल तक नहीं बता पाईं। पूछने पर पता चला कि सफाईकर्मी से टेक्नीशियन बना दी गई हैं। इस पर उन्होंने निर्देश दिया कि जो जिस काम लायक हो उससे वही काम कराया जाए। इसी के तहत उन्होंने एक स्मार्टफोन खरीदने की अनुमति दी और दोनों महिलाओं को सफाई व्यवस्था का जायजा लेने का जिम्मा सौंपा। अब ये महिलाएं गंदगी की फोटो खींच अफसरों को अवगत कराएंगी।
स्टेशन पर दिखेंगे ये बदलाव
- चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के जर्जर आवासों को सुदृढ़ किया जाएगा।
- पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, कंट्रोलरूम व्यवस्थित होगा।
- एक अत्याधुनिक प्रतीक्षालय बनकर तैयार, दूसरे को संवारने की तैयारी।
- सभी कोच में स्वच्छता अभियान के स्टीकर लगाए जाएंगे, शिकायत नंबर दर्ज होगा।
- सिक लाइन वर्करों के लिए ड्रेनेज (शौचालय) और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
- अब बरेली में नहीं दून स्टेशन पर ही होगा इंटरमीडिएट ओवरहालिंग का काम।
- स्टेशन पर अनधिकृत रूप से आकर गंदगी फैलाने वालों पर अंकुश के लिए टीम बनेगी।
- सिक लाइन पर स्टोर में जमा पंखों की मरम्मत होगी, नए शौचालय बनेंगे।