ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
ट्रैफिक निदेशालय ने स्कूली बच्चों को जागरूक करने के लिए थ्रीडी एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म तैयार कराई है। दो से तीन मिनट की यह मूवी शिक्षा विभाग की मदद से हर स्कूल में भेजी जाएगी। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को बताया जाएगा कि यातायात नियमों का पालन कर कैसे जीवन को सुरक्षित किया जा सकता है।
डीआईजी यातायात केवल खुराना के मुताबिक, एक फिल्म में दिखाया गया है कि 18 वर्ष से कम आयु का कुशाग्र बुद्धि का किशोर आईआईटी में प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा होता है। परीक्षा के बाद पिता उसे नई मोटरसाइकिल दिलाते हैं। वह दोस्तों के साथ तेज रफ्तार से बाइक चलाते समय हादसे का शिकार हो जाता है। हेलमेट नहीं होने के कारण सिर में आई गंभीर चोट से उसकी मौत हो जाती है। अगले दिन ही उसके आईआईटी में चयन होने का परिणाम आ जाता है। दूसरी मूवी में ड्यूटी देने वाले यातायात पुलिस कर्मी की कठिनाइयों को दर्शाया गया है। डीआईजी ने बताया कि बच्चों में जागरुकता के उद्देश्य से तैयारी की गई मूवी को शिक्षा विभाग की मदद से स्कूलाें में भेज बच्चाें को बताया जाएगा कि परिवार के साथ परिचितों को यातायात नियमाें के प्रति जागरूक करें।