ठगे गए दून अस्पताल के डॉक्टर राजकेश पांडेय
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। डेबिट और क्रेडिट कार्डों के माध्यम से ठगी करने वालों के झांसे में पढ़े लिखे लोग भी आ रहे हैं। नया मामला दून अस्पताल नेत्र विशेषज्ञ डॉ. राजकेश पांडेय भी इसी तरह के जाल में फंस गए। ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी मांगी और उससे 80 हजार रुपये की खरीददारी कर डाली। मामले का जब उन्हें पता चला तो उन्होंने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया।
रविवार शाम को डॉ. राजकेश पांडेय निवासी डॉक्टर्स कॉलोनी को शहर कोतवाली की दौड़ लगानी पड़ गई। उन्होंने वहां जब अपनी व्यथा बताई तो पुलिसकर्मियों के भी कान खड़े हो गए। अब तक छात्र, महिलाएं व आमजन ठगों के शिकार हो रहे थे, लेकिन अब इस फेहरिस्त में पढ़े लिखे लोग भी शामिल हो गए हैं। पता चला कि डॉक्टर राजकेश के पास कुछ दिन पहले एक फोन आया था। फोन करने वाले ने बताया कि वह बैंक अधिकारी है और उनका क्रेडिट कार्ड 31 दिसंबर से पहले बंद हो जाएगा, लिहाजा उन्हें कुछ जानकारियां चाहिए। इस पर डॉक्टर ने उन्हें जानकारी दे डाली। कुछ ही देर में क्रेडिट कार्ड से संबद्ध फोन पर जब मैसेज आए तो राजकेश पांडेय के होश उड़ गए। एक के बाद एक आए मैसेज से पता चला कि क्रेडिट कार्ड से 80 हजार रुपये की लिमिट पूरी हो चुकी है। एसएसआई कोतवाली अशोक राठौर ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।