इंश्योरेंस कंपनी का अधिकारी बता ठगे 21 हजार रुपये
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। खुद को इंश्योरेंस कंपनी का अधिकारी बताकर ठग ने महिला से 21 हजार रुपये ठग लिए। महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ऋषिनगर निवासी मगन सिंह ने शिकायत के अनुसार उनकी पत्नी सरला देवी की एक प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनी में जीवन बीमा पॉलिसी है। कुछ दिन पहले उनके फोन पर एक व्यक्ति का फोन आया और उसने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया। फोन करने वाले ने बताया कि आपकी किश्त जमा करने की आखिरी तारीख है, यदि आज किश्त नहीं जमा होती तो उन्हें बहुत बड़ा नुकसान होगा। उनकी पॉलिसी के लाभ कट जाएंगे। सरला ने उस व्यक्ति की बातों में आकर उसके खाते में 21400 रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद पता चला कि यह पैसे उनके पॉलिसी अकाउंट में जमा ही नहीं हुए। इंस्पेक्टर रायपुर हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मगन सिंह की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।