ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी ने बुधवार को पर्यटन पुलिस कर्मियों के लिए पुलिस लाइन में आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए विभाग और पर्यटन स्थलों की जानकारी जरूरी है।
कहा कि पर्यटन पुलिस अनुशासित होकर पर्यटकों के साथ विनम्र व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला से लाभान्वित होकर सभी पर्यटक ों की सहायता करते हुए प्रदेश व उत्तराखंड पुलिस का नाम रोशन करेंगे। अपर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य चारधाम यात्रा मार्गों एवं प्रमुख पर्यटन केन्द्रों में पर्यटकों को हर संभव सहायता प्रदान करना है। कार्यशाला में विभिन्न जनपदों के 122 कर्मियों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है जिसमें गढ़वाल परिक्षेत्र से 83 पुरूष एवं 9 महिला, कुमाऊं परिक्षेत्र से 23 पुरूष एवं 7 महिला कर्मी शामिल हैं। कार्यशाला में पर्यटन पुलिस में नियुक्त कर्मियों को प्राथमिक उपचार, साफ्ट स्किल, स्पोकन इंग्लिश एवं टूरिज्म की सामान्य जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यशाला में पुलिस महानिरीक्षक दीपम सेठ, पुलिस उपमहानिरीक्षक पुष्पक ज्योति, एसएसपी निवेदिता कुकरेती, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकेश्वर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक निहारिका भट्ट आदि मौजूद रहे।