ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
पंजाब पुलिस ने शनिवार शाम देहरादून पुलिस के साथ यहां कैंट क्षेत्र में बड़े ऑपरेशन को अंजाम देकर दो लाख के इनामी बदमाश हरसिमरन दीप सिंह उर्फ सिम्मा को तीन साथियाें के साथ गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक सिम्मा का भाई भी है। पुलिस के अनुसार, सिम्मा फरीदकोट में शैलर (राइस मिल) मालिक रविंद्र कोचर की हत्या में फरार चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान पंजाब पुलिस ने चार राउंड फायरिंग भी की, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, पुलिस फायरिंग से इनकार कर रही है। बदमाशों के पास से वरना कार, एक रिवाल्वर और दो पिस्टल बरामद हुआ है। सिम्मा यहां कई माह से छिपा था।
पंजाब के फरीदकोट सीआईए के प्रभारी अमृत पाल सिंह की अगुवाई में 15 जवानों की टीम शनिवार को दून में दिनभर दो लाख के इनामी हरसिमरन दीप सिंह उर्फ सिम्मा और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए बड़े ऑपेरशन की तैयारी में जुटी रही। शाम को दून पुलिस को विश्वास में लेकर कैंट कोतवाली के राजेंद्र नगर बाजार स्थित हरीश भाटिया के आवास की चारों ओर से घेराबंदी की गई। पंजाब पुलिस को सूचना थी कि सिम्मा अपने साथियों के साथ भाटिया के यहां किरायेदार के रूप में छिपा है। सादी वर्दी में हथियारबंद जवानों को देखकर बाजार में अफरातफरी मच गई। इसी बीच घर के कमरे से निकलकर दो युवक बराबर में चड्ढा के मकान में जाने लगे। कांग्रेस के प्रदेश सचिव दीप बोरा के अनुसार, इस दौरान पंजाब पुलिस ने चार राउंड फायरिंग की। देहरादून पुलिस की मदद से घेराबंदी कर पंजाब पुलिस ने हरसिमरन दीप सिंह उर्फ सिम्मा, उसके भाई फूलविंदर निवासी जटवासी बाजाखाना फरीदकोट, रमेश कुमार और रोहित शाहू निवासी पीलीबंगा हनुमान गढ़, राजस्थान को दबोच लिया।
बदमाशों के साथ मकान मालिक हरीश भाटिया को भी थाने बुलाया गया। देहरादून की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने पंजाब पुलिस से कई घंटे की मंत्रणा के बाद दो लाख के इनामी हर सिमरन दीप सिंह उर्फ सिम्मा की तीन साथियों के साथ गिरफ्तारी की जानकारी दी। सिम्मा अपने साथियों को लेकर कार से भागने की तैयारी में था, लेकिन पंजाब पुलिस के अलावा देहरादून के एसपी सिटी प्रदीप राय और सहायक पुलिस अधीक्षक निहारिका भट्ट की अगुवाई वाली टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। उनके पास से एक रिवाल्वर, दो पिस्टल और तमंचा बरामद हुआ है। एसएसपी के मुताबिक, सिम्मा ने फरीदकोट में शैलर मालिक रविंद्र कोचर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। उसके खिलाफ पंजाब और हरियाणा में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
--
फेसबुक पर स्वीकारी थी हत्या की बात
देहरादून में पकड़े गए हरसिमरन दीप उर्फ सिम्मा ने फेसबुक पर फरीदकोट में शैलर मालिक रविंद्र कोचर की हत्या की बात स्वीकार की थी। उसने फेसबुक पर लिखा था कि कोचर की हत्या को दो लोगों ने अंजाम दिया, मगर पुलिस 15 लोगों को झूठा फंसा रही है। हालांकि, पंजाब पुलिस की जांच में पहले ही हरसिमरन दीप का नाम आ गया था। मामले में पुलिस ने 17 आरोपी बनाए थे।
--
आतंकियों की घेराबंदी की अफवाह
पंजाब पुलिस के जवानों ने दो लाख के इनामी हरसिमरन दीप और उसके साथियों की गिरफ्तारी के ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए जिस तरह की घेराबंदी की, उससे इलाके में संदिग्ध आतंकियों के छिपे होने की अफवाह फैल गई। देर रात तक लोग यह जानने की कोशिश करते रहे कि कितने आतंकी पकड़े गए हैं। हालांकि, पुलिस ने बाद में इसे अफवाह करार दिया।