पुलिसकर्मी बनकर अवैध वसूली करते पकड़े
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। पुलिस की वर्दी में अवैध वसूली करने वाले दो युवकों को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
बुधवार को कैमल बैक रोड पर पुलिस के नाम पर पर्यटकों व स्थानीय लोगों अवैध वसूली करते हुए दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 417 और 384 में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। कोतवाल भावना कैन्थोला ने बताया कि स्थानीय लोगों से शिकायत मिली थी कि कुछ समय से दो युवक पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों से शाम के समय अवैध वसूली कर रहे हैं। पैसा न देने पर चालान काटने की धमकी भी देते हैं। इस पर एक टीम बनाकर मामले की जांच की गई। एक जगह रवि धीमान पुत्र जीत सिंह धीमान निवासी हाथी बड़काला देहरादून और वंश वालिया पुत्र प्रमोद वालिया निवासी मीरपुर मोहन नागल जिला सहारनपुर को वाहन चालकों से अवैध वसूली करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों लोगों से पुलिस का डर दिखाकर अवैध वसूली करते थे। भावना कैन्थोला ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।