पूर्व सैनिकों और शहीदों के आश्रित सम्मानित किए
ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। उत्तराखंड पूर्व सैनिक एवं अर्द्धसैनिक संगठन का 24वां स्थापना दिवस नया गांव पेलियो स्थित वैडिंग प्वाइंट में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. डीआर ठाकुर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में दून डिफेंस एकेडमी के निदेशक और पूर्व नौसेना अधिकारी संदीप गुप्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। लोगों से संगठन के संचालन में सहयोग की अपील की गई।
जिलाध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह राणा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के हितों की रक्षा करना है। पूर्व सैनिक और अर्द्ध सैनिकों ने देश की रक्षा में अहम योगदान दिया है। कार्यक्रम के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस बसेड़ा, कैप्टन हुकम सिंह खत्री, कैप्टन अर्जुन सिंह रावत, सूबेदार श्रीचंद राणा, नायब तहसीलदार लक्ष्मी प्रसाद देवराड़ी, हवलदार बचन सिंह रावत, शूरवीर सिंह पंवार, ताजवर सिंह रावत, नायक ऋषिवल्लभ धस्माना, सिपाही आलम सिंह रावत को सैनिक शिरोमणि सम्मान जबकि, वीर चक्र प्राप्त शहीद गजेंद्र सिंह बिष्ट की मां शिवदेई के साथ ही कई शहीदों की माताओं और पत्नियों को भी सम्मानित किया गया।