ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
साहिया। कालसी से चकराता जा रही एक कार मंगलवार रात आठ बजे लालपुल के पास अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी साहिया में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार इंकातून (23) पुत्र रणवीर निवासी अलीगढ़ उत्तर प्रदेश, निलेश (27) पुत्र योगेश निवासी रुड़की, शेखर नौटियाल (31) पुत्र कांतीराम निवासी क्यारी कालसी और नितिन चौधरी (24) पुत्र राकेश कुमार निवासी रुड़की मंगलवार को कार से चकराता की ओर जा रहे थे। रात आठ बजे के करीब कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर लालपुल के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। इससे कार सवार चारों लोग घायल हो गए। सड़क से गुजर रहे अन्य यात्रियों ने घटना की जानकारी राजस्व पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से चारों घायलों को सीएचसी साहिया में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।