मसूरी। पिक्चर पैलेस बैरियर पर प्रवेश शुल्क न देने पर मालरोड में घुसने पर पर्यटकों और बैरियर पर तैनात पालिका कर्मचारियों में मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने नशे में वाहन चलाने पर मेरठ निवासी तीनों पर्यटकों का चालान कर दिया। देर शाम पुलिस ने कानून अपने हाथ में लेने पर तीन पालिका कर्मचारियों और तीन स्थानीय लोगों को हिरासत में लिया। इस पर पालिका के अन्य कर्मचारी भड़क गए और कोतवाली में हंगामा कर हड़ताल पर चले गए। देर रात इनके समर्थन में सफाई कर्मचारी भी उतर आए।
सोमवार दोपहर यूपी नंबर की एक कार मसूरी माल रोड पिक्चर पैलेस बैरियर पर पहुंची। यहां बैरियर पर तैनात कर्मचारियों ने उन्हें प्रवेश शुल्क देने को कहा। लेकिन, वह रुके नहीं और मालरोड पर घुस गए। बैरियर कर्मचारियों और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें कुछ दूर आगे जाकर रोक लिया। इस पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी उसके बाद हाथापाई हो गई। पर्यटकों ने पुलिस और बैरियर कर्मचारियों पर हाथ छोड़ दिया। उसके बाद कर्मचारियों ने भी उनकी पिटाई कर दी। कार सवार तीनों पर्यटक नशे की हालत में थे। माहौल बिगड़ता देख मसूरी थाने से पुलिस मौके पर पहुंच गई। वह पर्यटकों को कुलड़ी चौकी लेकर पहुंची। मेडिकल कराने के बाद नशे में वाहन चलाने पर तीनों का चालान कर दिया। एसआई योगेश खुमरियाल ने बताया की पर्यटक दीपक चौधरी निवासी हरी नगर कंकरखेड़ा, नितेश त्यागी निवासी सरधना और शिवांश त्यागी निवासी कंकरखेड़ा, मेरठ का चालान किया गया है। देर शाम पुलिस ने तीन पालिका कर्मचारियों और तीन स्थानीय लोगों को गिरफ्तार कर सभी का शांतिभंग (धारा 151) में चालान कर दिया। जैसे ही इसकी भनक पालिका के अन्य कर्मचारियों का लगी वह विरोध में सभी बैरियर खोलकर हड़ताल पर चले गए। इनके समर्थन में सफाई कर्मचारी भी उतर आए। कोतवाल भावना कैंथोला ने बताया कि यदि कर्मचारियों के साथ मारपीट हुई थी तो उन्हें कानून हाथ में नहीं लेना चाहिए था। इस दौरान मौके पर पालिका सभासद जसवीर कौर, छावनी परिषद सभासद सुशील अग्रवाल भी पहुंचे लेकिन मामला नहीं सुलझा। माहौल संभालने के लिए एसडीएम मसूरी गोपाल राम बिनवाल भी देर रात कोतवाली पहुंचे। खबर लिखे जाने तक पालिका कर्मचारी और सफाई कर्मचारी हड़ताल पर अडिग थे।