ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नेहरू ग्राम में रविवार देर रात टेंट हाउस में बड़ा हादसा होने से टल गया। आग की लपटों के बीच एक परिवार के चार लोगों की जिंदगी फंसी थी। पुलिस ने लोगों की मदद से पड़ोस की दीवार ढहाकर सभी को बचा लिया। हालांकि आग की तपिश में चार परिजन झुलस गए थे। सभी को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। आग में लाखों रुपये की संपत्ति जलने को अनुमान लगाया गया है। प्रथम दृष्टया आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
शहर के नेहरू ग्राम निवासी दिनेश यादव के मकान के अगले हिस्से में टेंट हाउस है। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे टेंट हाउस में आग लग गई। कुछ देर में आग की लपटों ने दिनेश के पूरे घर में फैल गईं। परिजनों के शोर मचाने पर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। इसी बीच रायपुर थाने की चीता मोबाइल के सिपाही सुरेंद्र सिंह और केसर सिंह पंवार मौके पर पहुंचे। फायर बिग्रेड के आने में देरी देख मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने पुलिसकर्मियों और लोगाें को पड़ोस की पिछली दीवार गिराने को कहा। इसके बाद पुलिस ने लोगों की मदद से दीवार गिराकर आग से घिरे दिनेश यादव, उनकी पत्नी उमा यादव, बेटे विवेक यादव और विशाल यादव को बाहर निकाला। आग से लपटों से चारों लोग झुलस गए थे, लेकिन दिनेश और विशाल यादव का चेहरा और हाथ काफी झुलस गया था। इस पर सभी को पुलिस जीप से कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया। जहां उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। वहीं मौके पर पहुंची फायर कर्मियों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू हुए, लेकिन आग भड़कती देख तीन गाड़ियां और मंगानी पड़ीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा जा सका, हालांकि इस बीच घर का पूरा सामान जल चुका था। पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि पुलिस की सक्रियता से चार लोगों की जिंदगियों बचा लिया गया है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पुलिसकर्मियों का होगा सम्मान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने बताया कि अग्निकांड के दौरान चीता मोबाइल के सिपाही सुरेंद्र सिंह और केसर सिंह पंवार का कार्य बेहद सराहनीय रहा। दोनों पुलिसकर्मियों ने लोगों की मदद से दीवार गिराकर चार सदस्यों की जिंदगी बचाई है। इन पुलिसकर्मियों को जिले स्तर पर सम्मानित करने के साथ स्वतंत्रता दिवस पर पुरस्कृत करने के लिए पुलिस मुख्यालय को संस्तुति की जाएगी।