घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
सेलाकुई। सहसपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीते शुक्रवार रात दो अज्ञात व्यक्तियों ने महिला को घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सहसपुर थाना क्षेत्र की महिला ने पुलिस को बताया कि वह बाजार में सब्जी लेने गई थी इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई। अज्ञात व्यक्ति ने मदद के नाम पर उसका सब्जियों से भरा थैला उसके घर तक पहुंचाया। उसी रात मदद करने वाला वह व्यक्ति अपने एक अन्य साथी के साथ उसके घर आया। जिसने उसे घर पर अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि इस दौरान उसके शोर मचाने के बावजूद देर रात कोई मदद के लिए नहीं आया। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।