ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
जलकल अभियंता ने पेयजल समस्या को लेकर जलकल कार्यालय विकासनगर पहुंचे डॉक्टरगंज के ग्रामीणों पर कनिष्ठ अभियंता और कर्मचारियों के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि धक्का मुक्की के बाद ग्रामीणों ने कर्मचारियों से हाथापाई करते हुए कनिष्ठ अभियंता को खींचने का प्रयास किया।
जलकल अभियंता विकासनगर एपी सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि दो अप्रैल को जलकल कार्यालय में गणेश मंदिर के सामने स्थित कॉलोनी डॉक्टरगंज से कुछ लोग पहुंचे। उन्होंने पेयजल की समस्या की शिकायत के दौरान कनिष्ठ अभियंता और कर्मचारियों से मारपीट कर दी। जलकल कर्मचारियों ने बताया कि पेयजल की शिकायत के बाद ग्रामीणों को समझाया गया कि मौके पर कर्मचारियों को भेजा गया है, इसके बावजूद कर्मचारियों से मारपीट की गई। जलकल अभियंता ने तहरीर में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ताकि जलापूर्ति एवं विभागीय कार्यों में अवरोध की स्थिति पैदा न हो।
पुलिस को शिकायत मिली है, लेकिन यह प्रकरण केवल पेयजल समस्या को लेकर धमकाने का है। किसी के साथ कोई मारपीट नहीं हुई। आरोपियों को बृहस्पतिवार को कोतवाली में बुलाया गया है।
- नरोत्तम बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, विकासनगर