युवती को तलाश नहीं कर पाई पुलिस
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। नगर के लंढौर क्षेत्र से तीन माह पूर्व संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुई 20 वर्षीय छात्रा को तलाशने में पुलिस के हाथ आज भी खाली है। हालांकि पुलिस का कहना है कि छात्रा की लोकेशन पता चल चुकी है जिसके लिए पुलिस रवाना हो गई है। शीघ्र ही छात्रा को बरामद कर लिया जाएगा।
छात्रा के परिजनों ने 9 नवंबर शाम को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया था कि उनकी वर्षीय बेटी रोजाना की तरह ट्यूशन पढ़ाकर वापस आते हुए घंटाघर के पास से लापता हो गई। तीन महीने बाद अभी तक पुलिस उनकी बेटी को ढूंढने में नाकाम रही है। परिजनों ने कहा कि वे एसडीएम से लेकर एसएसपी तक बेटी की तलाश करने गुहार लगा चुके हैं। परिजनों ने स्थानीय विधायक गणेश जोशी से छात्रा की तलाश कराने की भी गुहार लगाई थी, जिस पर विधायक जोशी ने पुलिस के अधिकारियों से छात्रा को शीघ्र ढूंढ कर परिजनों को सकुशल सौंपने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था।
बाद में मामले में आईपीसी की धाराओं में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि युवती की लोकेशन काफी दिनों से बनारस में मिल रही है। पुलिस टीम बनारस रवाना हो चुकी है।