ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश। ट्यूशन पढ़ने आई सात वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ और दुष्कर्म करने की कोशिश के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि युवक अपने घर के बाहर दुकान में आटा चक्की चलाता है और उसकी भतीजी ट्यूशन पढ़ाती है। भतीजी से ट्यूशन पढ़ने के लिए नगर की एक सात वर्षीय बच्ची भी आती है। बीती शनिवार को आरोपी की भतीजी घर पर नहीं थी, इसी बीच सात वर्षीय बच्ची ट्यूशन पढ़ने को आई।
आरोपी ने मासूम बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ छेड़खानी कर दुष्कर्म करने की कोशिश भी की। इसके बाद बच्ची वहां से रोते बिलखते हुए भाग निकली। बच्ची ने अपने परिजनों को अपने साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को लिखित सूचना देते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कोतवाली निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि बच्ची के परिजनों की लिखित सूचना के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।