अंकल, पुलिस पिटाई क्यों करती है?
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
सवाल- अंकल, पुलिस लोगों की इतनी पिटाई क्यों करती हैं?
जवाब-गंदे लोगों के साथ ऐसा किया जाता है। आपको ऐसे लोगों से दूर रहना चाहिए।
संवाद का ये अनोखा सिलसिला शुक्रवार को कोतवाली में देखने सुनने को मिला। डीएसबी इंटर नेशनल स्कूल के यूकेजी के नन्हे मुन्नों ने मन में उमड़ती जिज्ञासा पुलिस के सामने रखी तो एकबारगी पुलिसकर्मी भी हतप्रभ रहे गए। मासूमों के सवालों के जवाब देने में पुलिसकर्मी भी चकरा गए। इसके बाद बच्चों को जवाब देने की कमान खुद कोतवाल रितेश शाह को संभालनी पड़ी। उन्होंने यहां आए कुल 180 बच्चों को सहज और प्यार की भाषा में पुलिस की कार्यशैली समझाई। इसके अलावा बच्चों को शस्त्रागार, मालखाना व हवालात का दौरा कराया। इस दौरान कंप्यूटर से क्या होता और हवालात में कौन रहता है... बच्चों के ऐसे सवालों के उत्तर भी दिए। इस दौरान कोतवाल ने बच्चों से गंदे लोगों से दूर रहने और माता-पिता व शिक्षकों की बातें मानने की बात कही।