ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। मजदूर की मौत के साक्ष्य छुपाने के आरोप में लक्ष्मणझूला थाना पुलिस ने मृतक के साथी मजदूर और ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। बताया कि दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक बीती 14 अगस्त को यमकेश्वर प्रखंड के राजस्व क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ग्वारी के समीप जंगल में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। राजस्व पुलिस के मामले का खुलासा नहीं कर पाने पर एसएसपी ने मामले की जांच लक्ष्मणझूला थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार राणा को सौंपी थी।
पुलिस ने शव की पहचान फूल सिंह उर्फ रामू के रूप में की। विवेचना के दौरान उन्होंने मजदूर के साथियों से पूछताछ की, जिसमें श्रमिकों ने काम करते वक्त निर्माणाधीन भवन से नीचे गिरने पर मौत होने की बात बताई। श्रमिक की गिरकर मौत की घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने फूल सिंह के शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। थानाध्यक्ष प्रदीप राणा ने बताया कि मामले में फूल सिंह के साथी मजदूर दिलीप साहनी पुत्र संतोष साहनी निवासी अथर्व थाना मुश्किल, जिला मोतिहारी बिहार व ठेकेदार निशांत कुमार पुत्र स्व. वीर सिंह निवासी भूपतवाला, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया कि मामले में अन्य फरार तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान बलबीर सिंह बिष्ट की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।