नोट: फोटो सहित।
रामदरबार में युवक को सरेशाम मारी गोली, हालत गंभीर
घायल की पत्नी ने मौके से भागकर बचाई जान, कॉलोनी में मचा हड़कंप
पुलिस को वारदात में तीन लोगों पर शक, तीनों युवक के जानकार
किराए का कमरा खाली करने को लेकर चल रहा था विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। रामदरबार फेज-2 के मकान नंबर-421 के समीप वीरवार की शाम करीब पौने छह बजे अज्ञात लोगों ने तीस वर्षीय बंटी नामक युवक को गोली मार दी। गोली उसके गले के बाईं तरफ लगी। पति को लहूलुहान हालत में गिरा देख बंटी की पत्नी बबली ने दौड़कर अपनी जान बचाई। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। लोगों की सूचना पर पीसीआर और सेक्टर-31 थाने की पुलिस ने घायल बंटी को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया। उसकी हालत नाजुक बनी है। उधर, डीएसपी साउथ, क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और सीआईडी विंग के अलावा एसएसपी यूटी, नीलांबरी जगदले भी मौके पर पहुंची। घायल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून के नमूने लेने सहित अन्य साक्ष्य जुटाए।
किराए का कमरा खाली करने के विवाद पर हुई खूनी वारदात
पुलिस अधिकारियों की मानें तो जांच में पता लगा है कि बंटी ने अपने जानकार रामकुमार के साथ करीब डेढ़ महीने पहले रामदरबार फेज-2 के मकान नंबर-404 के थर्ड फ्लोर को किराए पर लिया था। दोनों साथ रहते रहे। लेकिन कुछ दिन पहले बंटी गांव से पत्नी बबली को ले आया और उसने रामकुमार से कमरा खाली करने को कहा। इस पर दोनों में विवाद हो गया। पुलिस को शक है कि इसी विवाद में रामकुमार ने बंटी पर गोली चलाई है। पुलिस बंटी के जानकार गौरव और मुन्ना की भी तलाश में है। इन दोनों के नाम बंटी की पत्नी से पूछताछ में सामने आए हैं। पुलिस ने धरपकड़ के लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी सर्च की लेकिन उनका कुछ पता नहीं लग सका। यह भी पता नहीं चल सका है कि हमलावर गाड़ी से भागे या पैदल। बताया गया कि गौरव और मुन्ना मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं, जबकि रामकुमार यूपी के इटावा का।
हमलावर ने मोबाइल पर पूछी लोकेशन, फिर घात लगाकर मारी गोली
सूत्रों के अनुसार, हमलावर ने बंटी के मोबाइल पर फोन कर उसकी लोकेशन पूछी। बंटी ने बताया कि वह फैक्ट्री से काम खत्म कर पत्नी के साथ घर लौट रहा है और रास्ते में है। हमलावर बंटी को निशाना बनाने के लिए उसके घर के समीप के पार्क के पास घात लगाकर बैठ गए। जैसे ही बंटी घर को जाने वाली सड़क पर पहुंचा हमलावर ने उसे गोली मार दी। बंटी और उसकी पत्नी एक फैक्ट्री में एक साथ काम करते हैं।
बंटी और हमलावरों की नहीं हुई थी वेरिफिकेशन
यूटी पुलिस के पास न तो बंटी से संबंधित कोई रिकॉर्ड था और न ही उक्त तीनों के संबंध में कोई जानकारी थी। पुलिस ने उनकी कोई वेरिफिकेशन तक नहीं की थी। जिस मकान में बंटी रहता है, वहां रहने वाले कई लोगों की पुलिस वेरिफिकेशन नहीं हुई है।
मकान मालिक बेटे ने बताया 25 सितंबर को करना था कमरा खाली
मकान मालिक के बेटे हरिलाल ने बताया कि बंटी, बबली व रामकुमार को 25 सितंबर को कमरा खाली करना था। तीनों से समय पर किराया नहीं दे रहे थे। हरि लाल ने बताया कि वीरवार की दोपहर करीब चार बजे बबली के पति ने घर से सामान बाहर निकालकर पड़ोसियों से कहा था कि बबली को अंदर न जाने दें।
कोट्:
मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। वारदात में फिलहाल तीन लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस तीनों को काबू करने के प्रयास में जुटी है।
निहारिका भट्ट, आईपीएस, (डीएसपी साउथ)