ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। एक महिला ने पति समेत उसके परिवार के पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने पति पर पांच लाख रुपये और कार नहीं देने पर उसे घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने तहरीर में उसके साथ मारपीट का आरोप भी लगाया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक बापूग्राम, ऋषिकेश निवासी करुणा शर्मा ने बताया कि उसका विवाह बीती 17 अप्रैल 2017 को मकान नंबर 179, फेज-2, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून निवासी मुकुल शर्मा के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही पति और उसके परिवार के सदस्य दहेज की डिमांड करने लगे।
इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई। डिमांड पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष ने उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पिता के साथ कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकुल शर्मा, उसके पिता विद्याभूषण शर्मा, सास उषा शर्मा, भारत भूषण व स्वाति शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मुकदमे की तफ्तीश महिला दारोगा सरोज नौटियाल को सौंप दी गई है।