कर्णप्रयाग। राजस्व पुलिस ने क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने के आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। राजस्व निरीक्षक एसएस नेगी ने बताया कि रविवार शाम को एक महिला ने फोन पर सूचना दी कि धर्मेंद्र सिंह शराब के नशे में जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा है, जिस पर एसडीएम जीआर बिनवाल के निर्देश पर राजस्व पुलिस टीम गांव पहुंची। महिला की लिखित शिकायत दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। एसएस नेगी ने बताया कि सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वहीं, दूसरे गांव की एक महिला से मारपीट के मामले में आरोपी जगदीश रावत को राजस्व पुलिस ने राजकीय मानसिक अस्पताल सेलाकुई देहरादून में भर्ती किया है। राजस्व उपनिरीक्षक हरीश पोखरियाल ने बताया कि आरोपी जगदीश रावत मानसिक रूप से बीमार है।