- सूचना पाकर मौके पर पुलिस ने घटनास्थल का किया मुआयना
ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चोरों ने बरोटीवाला स्थित भारत गैस एजेंसी के गोदाम की पिछली दीवार तोड़ सिलिंडरों पर हाथ साफ कर लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल, अभी इसका पता नहीं चल सका है कि गोदाम से कितने सिलिंडर चोरी हुए हैं। एजेंसी प्रबंधन लेजर बुक से सिलिंडरों के मिलान में जुटा हुआ है।
जानकारी के अनुसार बरोटीवाला में भारत गैस एजेंसी का गोदाम है। मंगलवार को कर्मचारी गोदाम को बंद कर घर चले गए। बुधवार की सुबह जब वह गोदाम में पहुंचे तो पीछे की दीवार को टूटा देख उनके होश उड गए। उन्होंने घटना की जानकारी एजेंसी प्रबंधक के साथ ही पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। एजेंसी प्रबंधक राजपाल सिंह ने बताया कि गोदाम में चौकीदार नहीं था। लेजर बुक से सिलिंडरों का मिलान करने पर ही चोरी हुए सिलेंडरों की कुल संख्या के बारे में कुछ कहा जा सकता है। इस संबंध में एसआई दीपक मैठाणी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।
एक्सचेंज रोड में खड़ी बाइक चोरी
विकासनगर। बाजार चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक्सचेंज रोड पर खड़ी एक बाइक चोरी हो गई। मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश तेज कर दी है। तहरीर में महेंद्र सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी अंबाड़ी ने कहा कि बुधवार की दोपहर को उसने अपनी बाइक को सीएचसी विकासनगर के पास एक्सचेंज रोड पर पार्क किया। जिसके बाद वह अस्पताल में चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो बाइक गायब थी। यहां-वहां तलाश करने के बाद भी बाइक नहीं मिली। चौकी प्रभारी नीरज कुमार चौधरी ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।