पीपलकोटी। बदरीनाथ हाईवे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने नेपाल मूल के एक व्यक्ति को 485 ग्राम कीड़ा जड़ी (यारसागंबू) के साथ गिरफ्तार किया।
इन दिनों चमोली जिले में कीड़ा-जड़ी की तस्करी जोरों पर है। रविवार को पुलिस उपाधीक्षक हरवंश सिंह के निर्देश पर एसओजी टीम व पुलिस चौकी पीपलकोटी ने शिव मंदिर के समीप चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान मदन बहादुर शाही ग्राम जार्जे, थाना बुआ, जिला जुमला, नेपाल से 485 ग्राम अवैध कीड़ा-जड़ी मिली। पुलिस ने कीड़ा-जड़ी कब्जे में लेकर व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। चेकिंग अभियान में चौकी प्रभारी विनोद कुमार गोला, एसओजी टीम के प्रभारी अर्श अरोड़ा, कांस्टेबल धीरेंद्र, अरविंद कुमार, अरुण गिरी व कुंवर सिंह शामिल थे।