ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
शराब तस्करी में संलिप्त दो लोगों को पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की कार से हरियाणा ब्रांड अंग्रेजी शराब की 14 पेटी बरामद की हैं। उनकी कार को सीज कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल को मुखबिर से कार से शहर में अंग्रेजी शराब की तस्करी कर लाए जाने की सूचना मिली। ऋषिकेश-देहरादून मार्ग स्थित जंगलात बैरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान उन्होंने एक कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिसकर्मियों ने कार को कुछ दूरी पर रोक लिया। सवार युवकों को हिरासत में लेकर कार की तलाशी लेने पर उसमें अंग्रेजी शराब की 14 पेटी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह पुत्र सतपाल सिंह निवासी ग्राम बदरीपुर, थाना पांवटा साहिब, हिमाचल प्रदेश व धर्मपाल पुत्र वेदप्रकाश निवासी ग्राम साखरा, पोस्ट डांड, हरियाणा के रूप में हुई।