ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
कालेकीढाल में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में पुलिस ने नौ लोगों का शांतिभंग का चालान किया है। इस घटना में दो लोग जख्मी हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। कोतवाली पुलिस के मुताबिक सर्वहारानगर में दो पक्षों के बीच सड़क से रेत हटाने को लेकर विवाद हो गया। सरकारी अस्पताल में भर्ती अनिल (24) पुत्र नारायण निवासी कालेकीढाल, ऋषिकेश ने बताया कि वह घर के बाहर से रेत भर रहा था। इसी बीच कार सवार पड़ोसी ने उसे हटने के लिए कहा। आरोप है कि कुछ देर रुकने की बात कहने पर ही दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी, जिस पर अनिल की बहन, उसके भाई व पिता भी मौके पर आ गए। मारपीट में अनिल और उसका भाई पवन गुप्ता (27) जख्मी हो गए। लहूलुहान हालत में उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर उनका शांतिभंग में चालान कर दिया, जिनमें एक पक्ष के नारायण पुत्र शिवशंकर, उनकी बेटी पूजा जबकि दूसरे पक्ष में मोहित पुत्र प्रीतम, सूरज पुत्र बृजपाल, शुभम पुत्र बृजपाल, सोहनलाल पुत्र सस्टू और इमाम हसन पुत्र शेख कबूल हसन सभी निवासी कालेकीढाल, ऋषिकेश के बताए जा रहे हैं। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दोनों भाइयों समेत नौ लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है। लिखित शिकायत मिलती है, तो मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।