ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
देहरादून से प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शनों को जा रहे एक परिवार की कार घट्टूगाड़ के समीप 20 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। जबकि छह मासूमों समेत 10 लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्स में भर्ती कराया गया है। बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लक्ष्मणझूला पुलिस के मुताबिक निरंजनपुर, पटेलनगर, देहरादून निवासी परिवार शुक्रवार तड़के पांच बजे नीलकंठ दर्शन के लिए जा रहे था। इसी बीच नीलकंठ मोटर मार्ग पर घट्टूगाड़ में कार चला रहे लोकेश कुमार (27) पुत्र धर्मवीर को झपकी आ गई और इतने में ही उनकी कार 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना में सुमन (35) पत्नी स्व. बंटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन में अन्य सवार 10 लोग घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के शव और घायलों को खाई से बाहर निकालकर आपातकालीन 108 सेवा से एम्स भिजवाया। घायलों में विपिन (18) पुत्र मामचंद, लोकेश व उनकी पत्नी नीतू (26), बेटा अर्जुन (5), अंशिका (3), सुमन का पुत्र अभिषेक (4), कुंती देवी (28) पत्नी सुखपाल व उनका बेटा मुकुल (6), खुशी (4) और कपिल (3) शामिल हैं। उपनिरीक्षक विकास भारद्वाज ने बताया कि घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। परिवार देहरादून से नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शन के लिए निकला था।