ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
रायवाला क्षेत्र में सक्रिय आदमखोर गुलदार ने वैदिकनगर निवासी एक अधेड़ को निवाला बना लिया। अधेड़ सूरत सिंह नेगी (50) सोमवार को भैंस चराने के लिए घर निकले थे। वनकर्मियों ने मंगलवार सुबह सूरत सिंह नेगी का क्षत-विक्षत शव जंगल से बरामद किया। आदमखोर गुलदार की दस्तक से स्थानीय लोगों में खौफ है।
पुलिस के अनुसार राजाजी टाईगर रिजर्व पार्क की मोतीचूर रेंज के अंतर्गत वैदिकनगर निवासी सूरत सिंह नेगी (50) पुत्र स्व. आलम सिंह बीते सोमवार को जंगल के पास भैंस चराने गए थे, लेकिन वे देर रात तक घर नहीं लौटे। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने रायवाला थाना पुलिस व वनकर्मियों को सूचना दी थी। इसी आधार पर वनकर्मियों और पुलिस ने मंगलवार सुबह जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सर्च ऑपरेशन के दौरान वैदिकनगर से करीब 300 मीटर भीतर जंगल में सूरत सिंह का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। थानाध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि सूरज के शरीर पर गुलदार के दांतों और पंजों के निशान मिले हैं। रेंज अधिकारी विकास रावत ने सूरत सिंह के गुलदार के हमले की पुष्टि की है। वहीं, रायवाला क्षेत्र में बीते चार साल में आदमखोर गुलदार के हमले में 21 लोगों की जान जाने से आसपास के ग्रामीणों में खौफ है।
स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने वैदिकनगर निवासी सूरत सिंह नेगी के गुलदार के हमले में मारे जाने पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने सूरत सिंह के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। अग्रवाल ने पार्क निदेशक सनातन सोनकर से वार्ता कर उन्हें क्षेत्र में जंगल के किनारे से झाड़ियों की कटान व स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश दिए हैं।