ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
सहारनपुर निवासी एक महिला की ऋषिकेश के निजी अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक सुनाटी, खड़खड़ी, सहारनपुर, यूपी निवासी कोमल गुप्ता (35) पुत्र मुकेश कुमार गुप्ता परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने पहुंची थी। इसीबीच अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। आनन-फानन पति मुकेश ने कोमल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर उपनिरीक्षक शशि पुरोहित मौके पर पहुंचीं। शशि पुरोहित ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों ने पूछताछ में महिला को सांस लेने में तकलीफ होने की बात कही है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।