ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शन कर गंगा में स्नान के लिए रुके तीन यात्रियों में से एक यात्री तेज जलधारा की चपेट में आकर डूब गया। साथियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम के माध्यम से गंगा में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन यात्री का कोई सुराग नहीं लगा।
लक्ष्मणझूला पुलिस के मुताबिक सहारनपुर स्थित नवादा रोड, काजीपुरा निवासी मोहित (25) पुत्र सुरेश अपने दो साथी अजय व सौरभ के साथ पौराणिक नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शन को आया था। वापस लौटते समय तीनों लक्ष्मणझूला स्थित दोबाटा में रुके और गंगा स्नान करने लगे। इसी बीच मोहित तेज जलधारा की चपेट में आकर बह गया। साथियों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन मोहित देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवानों के माध्यम से गंगा में तलाशी अभियान चलाया। देर शाम तक चले अभियान में मोहित का कोई सुराग नहीं लगा। उपनिरीक्षक मनोज सिंह कठैत ने बताया देर शाम तक चले तलाशी अभियान में मोहित का सुराग नहीं लगा। अंधेरा होने की वजह से अभियान को रोकना पड़ा है। शुक्रवार को फिर से गंगा में उसकी तलाश की जाएगी। इस बाबत मोहित के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।