फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वीवीआईपी ड्यूटी में एंबुलेंस, सड़क पर तड़पती रही घायल युवती

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश/रायवाला।
विज्ञापन

रायवाला क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। करीब एक घंटे तक युवती सड़क पर तड़पती रही, लेकिन सूचना देने के बाद भी 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची। ऐसे में स्थानीय लोगों को मजबूरन युवती को निजी वाहन से एसपीएस राजकीय अस्पताल भिजवाना पड़ा। पता चला कि 108 एंबुलेंस देहरादून में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में वीवीआईपी ड्यूटी में व्यस्त थी।
जानकारी के मुताबिक प्रतीतनगर निवासी मीनाक्षी भट्ट पुत्री विनोद प्रसाद भट्ट घर से नौकरी का फार्म भरने के लिए स्कूटी से निकली थी। इसी बीच प्रतीतनगर-गौहरीमाफी मार्ग की ढाल पर एक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। दूसरी ओर से आ रही मीनाक्षी की स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई, जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना होते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों को देख ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

लोगों ने मीनाक्षी को ट्रक के नीचे से किसी तरह से निकाला और आपातकालीन 108 सेवा को सूचित किया। एंबुलेंस न पहुंचने पर लोगों ने युवती को निजी वाहन के माध्यम से घायल को ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। मीनाक्षी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। गनीमत रही कि ट्रक की चपेट में व्यस्त मार्ग पर गुजरने वाले अन्य लोग नहीं आए। परिजनों ने बताया कि दुर्घटना में मीनाक्षी के दोनों पैर फ्रेक्चर हो गए हैं। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

- कोट्स
परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलती है, तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
- विजय भारती, एसएसआई, रायवाला।

कोट्स
रायवाला क्षेत्र की एंबुलेेंस को वीवीआईपी ड्यूटी में लगाया गया था, जिसके चलते घटनास्थल पर आपात सेवा नहीं पहुंच पाई।
- मनीष, प्रदेश प्रभारी 108
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें