- शक्ति नहर में शुक्रवार शाम को दोस्तों के साथ गया था नहाने
ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
शक्ति नहर में नहाने के दौरान लापता किशोर का शव शनिवार को ढकरानी पावर हाउस के इंटेक से बरामद हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मालूम हो कि बीते शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे दोस्तों के साथ शक्ति नहर में नहाने के दौरान आसिफ (14) पुत्र लियाकत अली निवासी नया गांव पेलियो नहर की तेज धारा में लापता हो गया था। वह ईद मनाने के लिए अपने चाचा और कैनाल रोड निवासी महबूब के घर आया हुआ था। जहां से वह पड़ोस रहने वाले वाले कुछ बच्चों के साथ पुल नंबर-दो के पास नहर में नहाने गया हुआ था। जहां पैर फिसलने से नहर की तेज धारा में बह गया था। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया था, लेकिन कुछ ही देर में वह नहर की तेज धारा में लापता हो गया था। शनिवार की शाम करीब छह बजे पावर हाउस में तैनात कर्मचारियों ने इंटेक में शव फंसा देखा। जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जिसके बाद परिजनों ने शव की पहचान आसिफ के रूप में की।