ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
बाजार चौकी क्षेत्र अंतर्गत मां की डांट से नाराज किशोरी ने शुक्रवार की देर रात को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार बाजार चौकी क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार की देर रात को मां ने किशोरी को किसी बात को लेकर डांट दिया था। मां की डांट से नाराज किशोरी ने दूसरे कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब मां का गुस्सा ठंडा होने के बाद उससे मिलने के लिए कमरे में गई तो कुंडी के सहारे किशोरी का शव लटकता देख उसकी चीख निकल गई। घटना के बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लिया। चौकी प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।