ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
दून-पांवटा हाईवे पर एक कार सवार ने स्कूटी सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। जिससे तीनों लोग गंभीर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि, तीसरे का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात को अमित (27) पुत्र मदन लाल निवासी जमनपुर सेलाकुई अपने दोस्त मोहन (22)उर्फ राकेश पुत्र राजे सिंह निवासी ग्राम घिरी तहसील/थाना थलीसैंण जनपद पौड़ी गढ़वाल और अजेश (18) पुत्र इंद्रजीत डबराल निवासी उमराव नगर कोटद्वार के साथ स्कूटी में सवार होकर सेलाकुई में रोड क्रॉस कर रहे थे। इस दौरान विकासनगर की ओर से आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार सवार फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने निजी वाहन की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने अमित और मोहन को मृत घोषित कर दिया जबकि, अजेश का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि पोस्टमार्टम शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।