ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
तपोवन बाईपास मार्ग के किनारे वन भूमि पर खोखा डालकर शराब की दुकान खोलने के मामले में अनुज्ञापी ने छह लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक ढालवाला में अंग्रेजी शराब की दुकान के अनुज्ञापी अरविंद रणावत पुत्र कर्मवीर रणावत ने तहरीर में बताया कि उन्होंने तपोवन बाईपास मार्ग पर बीते बुधवार को दुकान खोली थी। अचानक कई लोग मौके पर पहुंचे और उनसे दुकान खोलने की एवज में रंगदारी देने की डिमांड करने लगे।
मना करने पर उन्होंने गाली-गलौच व मारपीट कर दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पूरन पुंडीर, गौरव गौड़, नवीन नौटियाल, अजय रमोला, बलदेव रावत और बलदेव भंडारी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों पर गाली-गलौच, मारपीट, रकम मांगने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। गौरतलब है कि बीते बुधवार की शाम तपोवन बाईपास मार्ग पर अनुज्ञापी ने वनभूमि पर खोखा डालकर शराब की दुकान खोल दी थी, जिसका विरोध करने के लिए स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे थे। वन विभाग ने वनभूमि पर अतिक्रमण कर लगाए गए खोखे को सीज कर शराब की पेटियां जब्त कर ली थी।