ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
पशु पालन विभाग के आईडीपीएल क्षेत्र के अंतर्गत पशुलोक में एक दलित कर्मचारी को पानी भरने से रोकने पर हंगामा हो गया। दलित संगठनों ने पुलिस से शिकायत कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक मामले में कोई लिखित कार्रवाई नहीं की है। आईडीपीएल चौकी पुलिस के मुताबिक पशुलोक विभाग के पशुलोक में कर्मचारी मंगूराम तैनात हैं। वह विभाग के आवासीय कॉलोनी की बिल्डिंग में पहली मंजिल पर परिवार संग रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेयजल के लिए नल ग्राउंड फ्लोर पर लगा हुआ है, जिससे पानी भरने के लिए अन्य कर्मचारी उनके परिवार को रोक रहे हैं। लिहाजा उन्हें पीने का पानी पड़ोस से भरकर लाना पड़ रहा है।
बताया कि इसकी शिकायत विभाग के आला अधिकारियों से कई बार की जा चुकी है। बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शनिवार को कर्मचारी ने दलित संगठनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद संगठन के लोग उनके साथ आईडीपीएल चौकी पहुंचे और पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत की। चौकी प्रभारी दीपक तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लिखित तौर पर समझौता हो गया है। बताया कि दोबारा शिकायत मिलती है, तो संबंधित के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।