बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में पुलिस प्रशासन की ओर से भिखारियों और साधु-संतों का सत्यापन शुरू कर दिया गया है। पुलिस की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर तीर्थयात्रियों से जबरदस्ती भीख मांगने और उनका पीछा करने वाले भिखारियों की सूची बनानी भी शुरू कर दी है। अभी तक ऐसे 30 भिखारियों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए जा चुके हैं।
बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रा शुरू होते ही भिखारियों का रैला भी उमड़ पड़ता है। बदरीनाथ मंदिर से कुछ ही दूरी पर विजय लक्ष्मी चौक से अलकनंदा पुल तक आस्था पथ के किनारे भिखारियों की लाइन लगी रहती है। कई बार भिखारी तीर्थयात्रियों के पीछे भागकर दान देने के लिए भारी दबाव डालते हैं, जिससे यात्री परेशान हो जाते हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से ऐसे भिखारियों को बदरीनाथ से हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया है। बदरीनाथ के थानाध्यक्ष अनिल जोशी का कहना है कि भिखारियों और साधु-संतों का सत्यापन किया जा रहा है। तीर्थयात्रियों से जबरदस्ती भीख मांगने और धर्म के नाम पर उन्हें डराने वाले करीब 30 भिखारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ऐसे भिखारियों से सख्ती से निपटा जाएगा।