ब्यूरो/ अमर उजाला, डोईवाला।
शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला के स्ट्रांग रूम तोड़ने का प्रयास करने वाले नकाबपोशों की पहचान करना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। पुलिस के हाथ कुछ जगहों से सीसीटीवी फुटेज तो लगी है, लेकिन चेहरे ढके होने और मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट न दिखने के कारण नकाबपोशों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। बताया जा रहा है कि नकाबपोश भानियावाला की तरफ से कॉलेज में दाखिल हुए और दोबारा भानियावाला के रास्ते ही वापस चले गए।
गौरतलब है कि डोईवाला डिग्री कॉलेज में रविवार की रात नकाबपोशों ने स्ट्रांग रूम से दस्तावेज और संभावित विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों पर सेंधमारी का प्रयास किया था। पुलिस ने मंगलवार को महाविद्यालय के शिक्षक और अन्य कर्मचारियों को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाकर नकाबपोशों के कपड़े, जूते-चप्पल आदि से पहचान करने का प्रयास किया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. एमसी नैनवाल ने बताया कॉलेज में इस तरह की यह पहली घटना हुई है, जिसको लेकर कॉलेज प्रशासन सख्त रुख अपना रहा हैं। पुलिस को जांच में हर स्तर पर सहयोग दिया जा रहा हैं। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह गुसांई ने बताया कि डोईवाला महाविद्यालय की घटना को लेकर पुलिस छानबीन कर रही हैं। जल्द नकाबपोश पुलिस के गिरफ्त में होंगे।