ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
सहसपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए डेढ़ किलो चरस के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसे एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सोमवार की रात को पुलिस हिंदूवाला क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। शक होने पर पुलिस ने एक युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देख वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान प्रकाश पुत्र ऋषिराम निवासी भाऊवाला के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सहारनपुर से थोक में चरस खरीदकर छात्रों और मजदूरों को सप्लाई करता था। सहसपुर थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अन्य तस्करों से संबंध की बात कबूली है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।