ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
नीलकंठ मार्ग स्थित घट्टूगाड में खाई से एक महिला का शव मिलने पर आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला की उम्र करीब 25 वर्ष है और वह नेपाली मूल की प्रतीत हो रही है। लक्ष्मणझूला पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे नीलकंठ मार्ग स्थित घट्टूगाड़ में सड़क किनारे लगभग 20 मीटर गहरी खाई में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला का शव खाई से बाहर निकाला। आसपास के लोगों से उसकी शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी।
पुलिस को जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने महिला की हत्या कर उसका शव खाई में फेंकने की आशंका जाहिर की है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर उसे शिनाख्त होने तक 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस से महिला की पहचान के लिए मदद मांगी गई है। स्थानीय स्तर पर भी शिनाख्त के भरसक प्रयास जारी हैं। बताया कि पीएम की रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।