ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
चारधाम यात्रा में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था मुकम्मल रखने के लिए एसपी ग्रामीण ने ऋषिकेश, मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला और रायवाला के पुलिस अधिकारियों की मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने कोतवाली और दोनों थानों की पुलिस को समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। ऋषिकेश और रायवाला में पर्यटन पुलिस चौकियां खोलने के लिए भी कहा। बुधवार को एसपी ग्रामीण सरिता डोभाल ऋषिकेश कोतवाली में पहुंची। उन्होंने समीपवर्ती मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला और रायवाला पुलिस के अधिकारियों के साथ चारधाम यात्रा में पुलिस की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया कि यात्राकाल में राफ्टिंग के लिए आने वाले पर्यटकों के वाहनों को गरुड़ चट्टी से लक्ष्मणझूला होते हुए हरिद्वार भेजने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाली और तीनों थानों की पुलिस को आपस में समन्वय स्थापित कर चारधाम यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए कहा गया है। एसपी ने बताया कि कोतवाली परिसर में संचालित पुलिस कंट्रोल रूम के प्रभारी को भी संचार व्यवस्था का दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही यात्राकाल में वाहनों का दबाव बढ़ने पर मालवाहक वाहनों को ऋषिकेश में रोकने के निर्देश भी दिए हैं। बताया कि लक्ष्मणझूला थानाध्यक्ष ने बेतरतीब कारों को हटाने के लिए क्रेन की डिमांड की है, जिसे मुख्यालय को भेजा रहा है।
मौके पर सीओ ऋषिकेश वीरेंद्र सिंह रावत, सीओ कोटद्वार जोधराम जोशी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, लक्ष्मणझूला थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार राणा, पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनिल कुमार, रायवाला से एसआई रायचंद पुरसोड़ा, मुनिकीरेती शांति प्रसाद डिमरी, एसआई यातायात सत्येंद्र नेगी आदि मौजूद थे।