ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
जमनीपुर गांव में पानी मांगने के बहाने घर में घुस कर रिटायर्ड फौजी की पत्नी से चाकू की नोंक पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने आरोपी का स्कैच जारी कर दिया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस आपराधिक प्रवृति के लोगों और हाल में जेल से छूटे बदमाशों से भी पूछताछ कर रही है।
बीते शनिवार की दोपहर को जमनीपुर में बदमाश ने रिटायर्ड फौजी राजेंद्र कुमार के घर में घुसकर उनकी पत्नी को चाकू की नोंक पर बंधक बना लिया था। आरोपी ने घर में रखी हजारों की नकदी और ज्वेलरी लूट ली थी। वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंच कर फील्ड यूनिट ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही फिंगरप्रिंट जुटाए थे। थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि बदमाश के बारे में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिन पर काम किया जा रहा है। आसपास लगे सभी सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, पता लगाया जा रहा है कि बदमाश किस वाहन से आया था।